Saturday, March 21, 2015

मोहब्बत हर लम्हा (Originally Twitted on January 20, 2015)

आँखों से छलकती रही मोहब्बत हर लम्हा,
साँसों में महकती रही मोहब्बत हर लम्हा ,
ख़्वाहिशों से करो न तुम उम्र का हिसाब ,
घरों में जमा हो मोहब्बत हर लम्हा।

चहकती रही चिड़िया तूने न सुनी,
सुबह की धुप भी चेहरे पे न ली,
अंगड़ाईयों जम्हाईयों में न गुज़ारा एक दिन,
फ़िर भी कहते हो गुज़ारा हर लम्हा।



फूलों के रंग से (Originally Twitted on Dec 6, 2014)

हिन्दू फूल खिला दे माली,
मुस्लिम फूल खिला दे तू ,
दोनों के रंग अलग अलग हों ,
हो दोनों की अलग खुश्बू।
 
उस दरख़्त में पानी डाल,
जिसकी एक दिन चिता जले
और पानी डाल उस दरख़्त में तू ,
जिसकी क्रूस उठा कर ईसा चले।

उफ़ पानी डाला तूने माली,
मेरे पौधे में ग़ैर मज़हब का,
गंगा शदियों से हिन्दू है,
टाइबर बना क्रिस्चियन कब का। 

इस काली रात सो जाओ माली ,
कल फ़िर एक नया दिन है ,
धर्म अधर्म कि बाँट छांट है ,
सूर्योदय देख आज़ाद लेकिन है। 

Sunday, November 30, 2014

सामने जलती चिता हो मेरी

हर कदम चलो तुम ऐसे,
के आंदोलन का एहसास हो,
पर हर कदम रखो तुम ऐसे,
न टूटी एक घास हो।

हर पल तुम जियो की जैसे,
कुछ जी लेने की प्यास हो ,
हर पल मगर जियो तुम ऐसे
के हर पल ली एक साँस हो।

कश्ती दरिया में यूँ खेना मांझी,
मानो समन्दर की तलाश हो,
पर दरिया के इस आलिंगन में कश्ती को,
किनारे का भी आभास हो।

पल पल पल पल के इस जीने में ,
मौत का पल भी ख़ास हो,
सामने जलती चिता हो मेरी,
और पीछे लिखा इतिहास हो। 

Written on November 17th

एक अल्फ़ाज़ हम खींचते रहे
के बातें अपनी हो न कम ,
कुछ नुक़्ते टूट कर गिर पड़े ,
कुछ लफ्ज़ बिखर गए यूंही  कहीं।
 पुरानी यादों ने फिर यक़ीन दिलाया  हमे
आँखों ही आँखों में भी बातें हुआ करती हैं।

हर सांस में कुछ बोल हैं ,
हर आह में हैं कविताएँ ,
एक ठंडी सी बेंच हो,
एक गर्म सी धूप हो
फ़िर उँगलियों ही उँगलियों में
मुलाकातें हुआ करती हैं।

बाल पक गए,
बचपन बच्चों में बाँट दिया,
चंद कागज़ के टुकड़ों की खातिर
शनिवार भी काम किया
फिर भी दिल के कुछ कोनों में
शरारतें हुआ करतीं हैं।


 

Saturday, November 29, 2014

उन्नीस अगस्त की एक रचना

एक छोटी सी ज़िन्दगी में
उम्र भर का हो एहसास,
इसमें इतनी जान ऐ जानम,
ख़ुदा ने है डाली या तुम ही ख़ुदा हो।

एक पलक  के सपने में कितनी हैं बातें
लम्हों की कड़ियों में, कितने है बंधन ,
पलकों को हमने रोके रखा है
ख्वाबों के दरम्यां,न यादें जुदा हों।

यादों के दरिया में यूँ ,
पत्थर न फेंकों तुम ,
गर तूफ़ान उठे तो किनारे बहेंगे
गर किनारे बहे तो सब नजारें बहेंगे।

ज़िन्दगी ने फिर कहा , आ तेरे लब चूम लूँ ,
और दो फूलों ने फिर आलिंगन किया।
बस तितलियाँ यूँ ही पलकती रहें,
कोयल की कूहू न गुमशुदा हो।



 

Saturday, August 9, 2014

लुटे तन और टूटे मन को जो ढक दे, वो कपड़ा ही झंडा है बढ़िया।

सातों रंग भगवान के हैं ,
फ़िर कौन सा पहनू आज पिया ,
आज हरियाली ओढूँ की मैं,
बन जाऊं जोगन पहन केसरिया।

श्वेत रंग तो इ उमर में
हो सकता ना पहचानू मैं,
चहु दिशा है खून की होली,
न्याय चक्र न जानू मैं।

इ दिन न वो है,इ देश वो ना है
जहाँ मिले मोहे सांवरिया।

जन गण मंगल अभी है बाकी
आज भी मैली गंगा है,
घर-घर-बस्ती एक अलग है झाँकी
यहाँ कहाँ तिरंगा है।

साफ़ मन का कोई रंग चढ़ा ले
वही रंग फिर रंगा है बढ़िया।

और देखो तिरंगे के पीछे कैसे
आज हर कोई मुँह छुपाये है ,
कैसे कैसे , जाने कहाँ कहाँ
चवन्नी भर देशभक्ति लहराए है.

लुटे तन और टूटे मन को जो ढक दे
वो कपड़ा ही प्रिय झंडा है बढ़िया।




 

Thursday, July 31, 2014

बातें कुछ अनकही सी

मेरा जहाँ है आज अलग
माँ का अलग है आज जहाँ ,
तारे मगर सब एक ही हैं
एक ही है आसमान।

सारे लम्हे साथ जिये हम,
ये तो मुमकिन ही नहीं
एक चाय और याद करें हम
पुरानी होली और रमज़ान।

नीले पीले गुलाबी स्वेटर
मख्खन जीन्स की एक वो पैंट
चाऊमीन के स्टॉल, पंजाबी वाले
दुर्गा पूजा कि अनोखी शान । 

एक गर्म रोटी, रसोई में जो खायी थी,
एक भीगी सी शर्दी, एक तंग रज़ाई थी,
एक गीले गोबर का फर्श ,
एक छोटा सा अपना मकान।।





 

Sunday, July 27, 2014

कुछ वक़्त में नया सा है

कुछ वक़्त में नया सा है,
कुछ रक्त में नया सा है,
कुछ मंज़िलें हैं और भी
एक रास्ता नया सा है।

पड़ाओ तुम उखाड़ लो
अंगड़ाइयाँ तुम झाड़ लो,
रौशनी भी नयी सी है
और सूर्योदय नया सा है ।

बिस्तरें तुम संभाल लो
एक चाय तुम उबाल लो,
कुछ बिस्किटें नयी सी हैं
गुड़ का स्वाद नया सा है।

फेफड़ों में भर लो साँस
दिल में एक नयी सी आस
पाँवों के है नये निशाँ
जोश कुछ नया सा है।




 

Wednesday, July 23, 2014

कोयल की कुहू इबादत लगी

अल्लाह भी मेरा, मेरा है राम
बन्दे की बंदगी मेरा है काम
जहां घुटने टिकाए हमने ऐ दोस्त ,
वो ज़मीन ही मस्ज़िद हमारी हुई।

कुछ आँसू है पोछे, मुस्कान बटोरे
इन्सानियत के हमने रोज़े रखे ,
फ़िर तो हर लौ , हर रौशनी
हमे चाँद ही सी लगी।

माँ ने कहा था एक बार हमे ,
स्याही का मज़हब है होता अनोखा,
चली थी वो गीता में हिन्दू मगर
कुराण जा बसी तो मुसलमां हुई।

अनजानों ने आज़ानों में ढूँढा उसे ,
पत्थर के भगवानों में ढूँढा उसे ,
प्रभाष जो बैठा फूलों में , झूलों में ,
कोयल की कुहू इबादत सी लगी। 

Sunday, July 13, 2014

मौसम

फुहारों, बौछारों, त्योहारों का मौसम
दिल में बजते झंकारों का मौसम,
तितलियों के पलकने का, फूलों के महकने का
जवानी के जोशीले कुंवारों का मौसम।

बादल के गरजन में लिपटने का मौसम
फ़िर शर्म से सिकुड़ने - सिमटने का मौसम,
अमिया के पकने का, चिड़िया चहकने का,
चूड़ियों, बिंदियों के बाज़ारों का मौसम ।

चाय, पकोड़े, समोसों का मौसम
मनचले, मतवाले मधहोशों का मौसम,
जाम के छलकने का, यूँ ही बहकने का,
उमड़ती ख्वाहिशें हज़ारों का मौसम।

कुछ सास, कुछ साली, घरवाली का मौसम,
दिल में उमड़ती क़व्वाली का मौसम
रिश्ते समेटने का, कुछ यूँ ही बैठने का,
बनते, बहलते संसारों का मौसम।